लोक भवन शिमला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल को राखी बांधी
शिमला, 26 अगस्त 2026: ब्रह्माकुमारीज सुन्नी उप सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी शकुंतला बहन, वरिष्ठ राजयोगी भ्राता रेवा दास तथा अन्य ब्रह्माकुमारी बहनों ने आज लोक भवन, शिमला में हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल भ्राता कविन्द्र गुप्ता जी से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने महामहिम राज्यपाल को 13 सितम्बर 2026 को सुन्नी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय वार्षिक आध्यात्मिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने का निमंत्रण दिया। साथ ही ‘नशा मुक्त हिमाचल अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया गया। महामहिम राज्यपाल ने निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में अपनी सहभागिता के लिए सहमति प्रदान की।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी शकुंतला बहन ने रक्षाबंधन के पावन पर्व का आध्यात्मिक संदेश देते हुए महामहिम राज्यपाल को राखी बांधी तथा ईश्वरीय प्रसाद भेंट कर उनका मुख मीठा कराया। राखी को केवल एक पारंपरिक धागा नहीं, बल्कि पवित्रता, भाईचारे, प्रेम, सद्भाव और समाज की सकारात्मक दिशा के संकल्प का प्रतीक बताया गया।
वरिष्ठ राजयोगी भ्राता रेवा दास ने महामहिम राज्यपाल को आगामी आध्यात्मिक सम्मेलन के उद्देश्य एवं ब्रह्माकुमारीज द्वारा समाज में किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने नशामुक्ति, आध्यात्मिक जागृति, मूल्यनिष्ठ जीवन एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर महामहिम को सम्मेलन का लिखित निमंत्रण पत्र तथा आध्यात्मिक साहित्य भी भेंट किया गया और उनसे युगल सहित कार्यक्रम में पधारने का विशेष आग्रह किया गया।
इसके बाद ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा भ्राता संदीप भारद्वाज, आईपीएस, सचिव राज्यपाल को भी राखी बांधी गई और ईश्वरीय प्रसाद भेंट किया गया। साथ ही लोक भवन के प्रेस सचिव एवं अन्य कर्मचारियों को भी राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं तथा प्रसाद से उनका मुख मीठा कराया गया।
पूरे कार्यक्रम में प्रेम, भाईचारे, आध्यात्मिकता एवं सामाजिक सद्भाव का सुंदर वातावरण रहा। ब्रह्माकुमारीज की ओर से सभी को पवित्र जीवन, नशामुक्त समाज और श्रेष्ठ संस्कारों की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।



